स्कूल से मध्याह्न भोजन का चावल ले जाते पकड़ा गया प्रधानपाठक, निलंबन की तैयारी

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

सूरजपुर: जिले के ओड़गी विकासखंड अंतर्गत ग्राम रामपुर स्थित माध्यमिक शाला में मध्याह्न भोजन योजना के चावल को लेकर विवाद सामने आया है। ग्रामीणों ने स्कूल के प्रधानपाठक पर मध्याह्न भोजन का चावल वाहन में भरकर ले जाने का आरोप लगाया है। मामले की शिकायत विकासखंड शिक्षा अधिकारी और पुलिस से की गई है।

जानकारी के अनुसार 3 मार्च की शाम करीब 6:15 बजे स्कूल परिसर से मध्याह्न भोजन योजना का करीब दो बोरी चावल कार में लोड कर ले जाया जा रहा था। इसकी जानकारी मिलने पर सरपंच प्रतिनिधि सहित कुछ ग्रामीणों ने वाहन को रोकने की कोशिश की, लेकिन वाहन नहीं रुका।

इसके बाद ग्रामीणों ने वाहन का पीछा किया और गांव के भीतर ही उसे रोक लिया। ग्रामीणों का आरोप है कि स्कूल के लिए आया मध्याह्न भोजन का चावल निजी उपयोग के लिए ले जाया जा रहा था। घटना के बाद ग्रामीणों में नाराजगी देखी गई।

मामले की जानकारी शिक्षा विभाग और पुलिस को दे दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि शिकायत के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच में आरोप सही पाए जाने पर संबंधित प्रधानपाठक के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जल्द ही निलंबन की कार्रवाई की जा सकती है।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment