रायपुर: जशपुर जिले के दुलदुला विकासखंड में हुए दर्दनाक बस हादसे पर मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai ने गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर घटना को अत्यंत दुखद और हृदय विदारक बताया।
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में लिखा कि जशपुर जिले के दुलदुला विकासखंड के ग्राम गोडा अंबा के पास हुई बस दुर्घटना में कई लोगों की असामयिक मृत्यु की खबर से मन अत्यंत व्यथित है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और शोक संतप्त परिजनों को इस कठिन घड़ी को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की। साथ ही हादसे में घायल सभी लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि घायलों के उपचार में किसी भी प्रकार की कमी न रहे और उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाए।
जानकारी के अनुसार करडेगा से कुनकुरी आ रही एक यात्री बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। इस भीषण हादसे में 6 यात्रियों की मौत हो गई, जिनमें एक बच्चा भी शामिल है। वहीं 9 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। दुर्घटनाग्रस्त बस अनमोल बस एजेंसी की बताई जा रही है और बस में दो दर्जन से अधिक यात्री सवार थे।
दुर्घटना करडेगा चौकी क्षेत्र के गोड़ाअंबा के पास हुई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। कई घायलों को इलाज के लिए कुनकुरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन भी सक्रिय हो गया और घटनास्थल पर एम्बुलेंस भेजी गई। वहीं मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय की ओर से भी घायलों के बेहतर इलाज के लिए तत्काल निर्देश जारी किए गए हैं।
Author: Deepak Mittal









Total Users : 8183608
Total views : 8216179