दमोह: मध्यप्रदेश के दमोह जिले में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। देहात थाना क्षेत्र के समन्ना गांव में एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोप है कि हत्या के बाद आरोपी ने ऐसा हैवानियत भरा कृत्य किया, जिसे देखकर इलाके में दहशत फैल गई।
जानकारी के अनुसार अर्थखेड़ा गांव का रहने वाला युवक भरत विश्वकर्मा अपनी बहन के घर बाइक से जा रहा था। वह बहन के घर के सामने पहुंचा ही था कि एक व्यक्ति ने अचानक उसके सिर पर हथौड़े से हमला कर दिया। वार लगते ही भरत जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद आरोपी ने रॉड से उस पर कई बार हमला किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपी की हैवानियत यहीं नहीं रुकी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वह मृत युवक के शरीर के साथ वीभत्स हरकतें करता नजर आया। आसपास के लोग अपनी-अपनी बालकनियों से यह दृश्य देख रहे थे और कई लोगों ने इसका वीडियो भी मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। बताया गया कि आरोपी बेहद आक्रामक था और पुलिस व ग्रामीणों पर भी हमला करने की कोशिश कर रहा था। लोगों ने चारों ओर से घेराबंदी कर किसी तरह उसे काबू में किया, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
घायल भरत विश्वकर्मा को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार आरोपी और मृतक के बीच किसी तरह की पुरानी रंजिश की जानकारी सामने नहीं आई है। प्रारंभिक तौर पर आरोपी की मानसिक स्थिति को लेकर भी जांच की जा रही है।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। इस वीभत्स वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
Author: Deepak Mittal









Total Users : 8183618
Total views : 8216190