डीजल चोर गैंग पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तीन आरोपी गिरफ्तार

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

रायगढ़: जिले के Tamnar थाना क्षेत्र में रेलवे साइडिंग में खड़े हाईवा वाहनों से डीजल चोरी करने वाले गैंग पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने डीजल चोरी के दौरान ड्राइवर से मारपीट कर नकदी भी लूट ली थी।

मिली जानकारी के अनुसार बुधवार रात ड्राइवर मुकेश यादव भालूमुड़ा रेलवे साइडिंग में अपना हाईवा खड़ा कर सो रहा था। उसी स्थान पर पांच अन्य हाईवा वाहन भी लाइन से खड़े थे, जिनके चालक होली मनाने के लिए अपने-अपने घर चले गए थे। रात में मुकेश को वाहन से कुछ आवाजें सुनाई दीं। वह नीचे उतरा तो देखा कि तीन युवक उसके हाईवा से डीजल चोरी कर रहे हैं।

मुकेश के चिल्लाने पर आरोपी डीजल से भरा डिब्बा लेकर भागने लगे। कुछ दूरी पर जाने के बाद दो युवक वापस लौटे और मुकेश से मोबाइल व नकदी की मांग करने लगे। इंकार करने पर आरोपियों ने डंडे से उसकी पिटाई कर दी और जेब में रखे 500 रुपये लूट लिए। इसके बाद आरोपी वहां खड़े अन्य वाहनों से भी डीजल निकालने लगे।

घटना से घबराकर मुकेश वहां से भागा और थाने पहुंचकर मामले की सूचना दी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और सूचना के आधार पर ग्राम चितवाही निवासी कैलाश दास महंत, गोविंद सिदार और सुनील यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में तीनों आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों के पास से एक स्कॉर्पियो वाहन, 80 लीटर और 30 लीटर डीजल के डिब्बे तथा लूटे गए 500 रुपये बरामद किए हैं। फिलहाल पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment