बेटे से विवाद के बाद पिता ने की हत्या, शव खेत में फेंका

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

महासमुंद: जिले के पटेवा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गोगल में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। मामूली पारिवारिक विवाद के चलते पिता ने अपने ही 25 वर्षीय बेटे की बांस के डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी और साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को खेत में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है।

 लापता रिपोर्ट से खुला मामला

मामले का खुलासा तब हुआ जब मंगलवार को प्रार्थिया अंजलि टंडन ने थाना पटेवा में अपने पति प्रेम प्रकाश टंडन के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई। अंजलि के मुताबिक, उनके पति 2 मार्च की रात अपने पिता के घर ग्राम गोगल गए थे, जिसके बाद से वे वापस नहीं लौटे।

पुलिस ने परिजनों से पूछताछ शुरू की तो मामला संदिग्ध लगा। जांच में सामने आया कि मृतक प्रेम प्रकाश टंडन (25 वर्ष), निवासी ग्राम लखनपुर, अपने पिता गंगाराम टंडन के बुलावे पर 2 मार्च की रात करीब 10 बजे मोटरसाइकिल से गोगल स्थित ऐश ब्रिक फैक्ट्री पहुंचा था।

 बहस के बाद हमला

पूछताछ में खुलासा हुआ कि पिता-पुत्र के बीच किसी पारिवारिक मुद्दे को लेकर तीखी बहस हुई। विवाद इतना बढ़ गया कि आवेश में आकर 51 वर्षीय गंगाराम टंडन ने बांस के डंडे से बेटे पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण प्रेम प्रकाश की मौके पर ही मौत हो गई।

🚔 शव बरामद, आरोपी गिरफ्तार

हत्या के बाद आरोपी पिता ने कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए शव को घर से करीब एक किलोमीटर दूर सुनसान खेत में फेंक दिया। पुलिस ने शव बरामद कर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया।

पटेवा पुलिस ने आरोपी गंगाराम टंडन को अभिरक्षा में लेकर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment