ओमान की समुद्री सीमा में जहाज पर हमला, 3 भारतीयों की मौत; 20 से अधिक घायल

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

मस्कट/नई दिल्ली: पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच ओमान की समुद्री सीमा में एक वाणिज्यिक जहाज पर हुए हमले में कम से कम तीन भारतीयों की मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। ओमान स्थित भारतीय दूतावास ने घटना की पुष्टि करते हुए मृतकों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।

दूतावास के अनुसार, MKD VYOM पर सवार तीन भारतीय नागरिकों की जान गई है। यह जहाज मस्कट से करीब 52 नॉटिकल मील की दूरी पर था और उस पर मार्शल आइलैंड्स का ध्वज लगा हुआ था। हादसे के बाद ओमान प्रशासन के साथ मिलकर जहाज पर सवार अन्य भारतीयों को सुरक्षित निकालने का प्रयास किया गया।

मुख्य इंजन कक्ष में विस्फोट, लगी आग

सरकारी संवाद एजेंसी Oman News Agency के मुताबिक, टक्कर के बाद जहाज के मुख्य इंजन कक्ष में विस्फोट हुआ, जिससे भीषण आग लग गई। समुद्री सुरक्षा केंद्र के समन्वय से पनामा के ध्वज वाले वाणिज्यिक पोत MV Sand की मदद से चालक दल के 21 सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इनमें 16 भारतीय, चार बांग्लादेशी और एक यूक्रेनी नागरिक शामिल हैं।

ओमान की रॉयल नेवी का एक पोत क्षतिग्रस्त टैंकर पर नजर रखे हुए है और उस समुद्री क्षेत्र से गुजरने वाले जहाजों के लिए आवश्यक नौवहन चेतावनी जारी की गई है। बताया गया है कि टैंकर में करीब 59,463 मीट्रिक टन माल लदा था।

होर्मुज जलडमरूमध्य में भी बढ़ा खतरा

घटना से एक दिन पहले Strait of Hormuz में एक अन्य तेल टैंकर MV Skylight पर भी हमला हुआ था। इस हमले में चालक दल के चार सदस्य घायल हुए थे, जिनमें भारत और ईरान के नागरिक शामिल हैं।

ओमान में भारतीय मिशन ने बताया कि वह स्थानीय प्रशासन के साथ लगातार संपर्क में है। एमवी स्काईलाइट के लापता चालक दल के सदस्यों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, दो लापता सदस्यों में से एक भारतीय नागरिक है।

क्षेत्रीय तनाव के बीच बढ़ी चिंता

यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है जब क्षेत्र में इजरायल, अमेरिका और ईरान के बीच तनाव चरम पर है। समुद्री मार्गों पर बढ़ते हमलों ने अंतरराष्ट्रीय व्यापार और ऊर्जा आपूर्ति को लेकर नई चिंता खड़ी कर दी है।

भारत सरकार हालात पर नजर बनाए हुए है और खाड़ी क्षेत्र में मौजूद भारतीय नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने की बात कही है।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

October 2026
S M T W T F S
 123
45678910
11121314151617
18192021222324
25262728293031

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *