मोहला-मानपुर: छत्तीसगढ़–महाराष्ट्र सीमा से लगे इलाकों में एक कथित आदमखोर बाघ के आतंक से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। बाघ ने जहां महाराष्ट्र में एक ग्रामीण पर हमला कर उसे मार डाला, वहीं छत्तीसगढ़ के मोहला-मानपुर जिले में दो मवेशियों को भी अपना शिकार बनाया है।
घटनाएं मोहला-मानपुर जिला के दक्षिण वन परिक्षेत्र मानपुर और महाराष्ट्र के मुरूमगांव वन क्षेत्र से जुड़ी हैं।
12 फरवरी को मवेशी पर हमला
दक्षिण वन परिक्षेत्र अधिकारी अजय राजपूत के अनुसार, 12 फरवरी को औंधी तहसील के ग्राम गहनगट्टा में बाघ ने एक पालतू मवेशी पर हमला कर उसे मार डाला। घटना के बाद वन विभाग ने ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी थी।
24 फरवरी को ग्रामीण पर घातक हमला
24 फरवरी को औंधी से महाराष्ट्र के मुरूमगांव को जोड़ने वाले मार्ग पर, छत्तीसगढ़ के अंतिम गांव आलकंहार के समीप महाराष्ट्र के कहेकवाही और उमरपाल गांवों के बीच एक ग्रामीण राहगीर बुधु सिंह उसेंडी पर बाघ ने हमला कर दिया। हमले में उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बाघ ने शव के कुछ हिस्सों को भी नुकसान पहुंचाया।
वन विभाग अलर्ट
वन विभाग ने सीमावर्ती गांवों में मुनादी कराकर लोगों को अकेले जंगल या सुनसान रास्तों पर न जाने की चेतावनी दी है। ग्रामीणों से समूह में निकलने, बच्चों को अकेले बाहर न भेजने और मवेशियों को सुरक्षित बाड़े में रखने की अपील की गई है।
वन अमला बाघ की गतिविधियों पर नजर रखे हुए है और ट्रैकिंग टीमों को सक्रिय किया गया है। आवश्यकता पड़ने पर पिंजरा लगाने और विशेषज्ञ टीम बुलाने की भी तैयारी की जा रही है।
सीमावर्ती गांवों में फिलहाल दहशत का माहौल है और ग्रामीणों ने वन विभाग से जल्द ठोस कार्रवाई की मांग की है।
Author: Deepak Mittal









Total Users : 8204576
Total views : 8243644