घुमंतू महिला से दुष्कर्म की कोशिश के बाद हत्या, डेढ़ महीने बाद आरोपी गिरफ्तार

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

दुर्ग: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में अज्ञात घुमंतू महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने करीब डेढ़ महीने बाद आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने महिला को खाना खिलाने का झांसा देकर खेत में ले जाकर दुष्कर्म की कोशिश की थी और विरोध करने पर उसका गला दबाकर हत्या कर दी थी। मामला कुम्हारी थाना क्षेत्र का है।

खेत में मिला था अर्धनग्न शव

जानकारी के अनुसार, 17 जनवरी 2026 को कुम्हारी के केवल्य धाम के पीछे परसदा खार स्थित खेत में महिला का अर्धनग्न शव मिला था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन महिला की पहचान नहीं हो सकी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई, जिससे स्पष्ट हो गया कि यह हादसा नहीं, बल्कि हत्या का मामला है।

पांच विशेष टीमें गठित

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच के लिए पांच विशेष टीमें बनाई।

  • 1000 से अधिक लोगों से पूछताछ

  • 100 घंटे से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगाले

  • लाखों कॉल डिटेल रिकॉर्ड की जांच

लगातार प्रयासों के बाद पुलिस संदिग्ध तक पहुंचने में सफल रही।

आरोपी की गिरफ्तारी

28 फरवरी को पुलिस ने महाराजा देवार उर्फ राजा देवार (22) को हिरासत में लिया। आरोपी रामनगर, बजरंग चौक वार्ड क्रमांक 07 का निवासी है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने धारदार हथियार से हमला करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उसे काबू कर लिया।

पुलिस का कहना है कि आरोपी ने महिला को खाना खिलाने का झांसा देकर खेत में ले जाकर दुष्कर्म का प्रयास किया और विरोध करने पर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।

फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। महिला की पहचान अब तक नहीं हो सकी है, जिसे लेकर पुलिस प्रयासरत है।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment