शादी का झांसा देकर दुष्कर्म और आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप, प्रेमी गिरफ्तार

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

बिलासपुर: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में युवती को शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने और आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर लिया है। न्यायालय के आदेश पर आरोपित को जेल भेज दिया गया है।

मामला मस्तूरी क्षेत्र अंतर्गत मल्हार का है। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह धनगंवा निवासी राजू लहरिया के घर युवती का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। पूछताछ में सामने आया कि युवती मंगलवार को मेला देखने जाने के नाम पर घर से निकली थी और वापस नहीं लौटी।

बताया गया कि राजू लहरिया ने युवती के परिजनों को फोन कर सूचना दी थी कि वह उसके घर पर है और उसे ले जाने के लिए कहा था। परिजनों ने आने से इनकार कर दिया। बाद में युवक ने पुलिस को भी सूचना दी थी। उस समय पुलिस ने युवती को समझाइश दी, लेकिन वह नहीं मानी और पुलिस लौट आई।

गुरुवार रात घर के सभी लोग भोजन के बाद सो गए। शुक्रवार सुबह युवती का शव मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया।

घटना के बाद परिजनों ने आरोपित की गिरफ्तारी की मांग को लेकर अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया और मल्हार चौकी के सामने प्रदर्शन किया। इसके बाद पुलिस ने युवक के खिलाफ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म और आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया।

मामला दर्ज होने के बाद आरोपित फरार हो गया था। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। रविवार सुबह पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी है।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment