बहराइच (यूपी): होली से ठीक पहले उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। रुपईडीहा थाना क्षेत्र के बसंतपुर उदल (मजरे रामनगर) गांव में रविवार और सोमवार की दरम्यानी रात भाइयों के बीच शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमले में तीन महिलाओं और एक पुरुष की बेरहमी से हत्या कर दी गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
आधी रात को मचा हड़कंप
घटना रात करीब 12:30 बजे की बताई जा रही है। ग्रामीणों के अनुसार, घर के भीतर से अचानक चीख-पुकार की आवाजें आने लगीं। जब तक लोग मौके पर पहुंचते, तब तक आंगन खून से लथपथ हो चुका था।
मृतकों की पहचान शिताला (82), संजू देवी (60), पार्वती (20) और बडलूराम (62) के रूप में हुई है। मृतकों में एक पक्ष से पति-पत्नी और दूसरे पक्ष से मां-बेटी शामिल हैं। इस हमले में गुरुदेव (40) और निरंकार (30) गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से निरंकार की हालत नाजुक होने पर उसे लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है।
पुलिस और प्रशासन मौके पर
सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी बाबागंज और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक राम नयन सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) दुर्गा प्रसाद त्रिपाठी और क्षेत्राधिकारी पहुप सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस अधीक्षक आरएन सिंह के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक और संपत्ति विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पीएसी और अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।
फॉरेंसिक जांच जारी
फॉरेंसिक टीम ने घर के भीतर और बाहर से साक्ष्य एकत्र किए हैं। वारदात में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली गई है। घर के अंदर सामान बिखरा मिला और चारों ओर खून के निशान घटना की भयावहता बयान कर रहे थे।
ग्रामीणों का कहना है कि आरोपी पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में था और घर में अक्सर विवाद होता रहता था। हालांकि, यह विवाद इतनी बड़ी वारदात में बदल जाएगा, इसकी किसी को उम्मीद नहीं थी।
फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी है और गांव में एहतियातन सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
Author: Deepak Mittal









Total Users : 8243746
Total views : 8292804