रायगढ़: जिले के घरघोड़ा थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में हाईवा और ट्रेलर की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत के बाद दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई। हादसे में एक चालक की केबिन में फंसकर जिंदा जलने से मौत की पुष्टि हुई है, जबकि दूसरे चालक की स्थिति को लेकर आग पूरी तरह बुझने के बाद ही आधिकारिक पुष्टि की जाएगी।
मिली जानकारी के अनुसार रविवार दोपहर करीब 1 बजे घरघोड़ा से कुडुमकेला मार्ग पर कुरकुट नाला के पास तेज रफ्तार हाईवा और ट्रेलर के बीच आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कुछ ही मिनटों में दोनों वाहनों के केबिन में आग भड़क उठी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग तेजी से फैल गई, जिससे केबिन में फंसे चालक बाहर नहीं निकल सके। आसपास मौजूद लोगों ने बचाव की कोशिश की, लेकिन आग की तीव्रता के चलते उन्हें सफलता नहीं मिल सकी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। आग बुझने के बाद दूसरे चालक की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। हादसे के कारणों का भी पता लगाया जा रहा है।
Author: Deepak Mittal









Total Users : 8235498
Total views : 8282789