कैमूर: बिहार के कैमूर जिले में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 12 से अधिक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दुर्घटना कुदरा थाना क्षेत्र में National Highway 19 (एनएच-19) पर नशेज के पास हुई।
डिवाइडर तोड़ बस लेन में घुसा ट्रक
मिली जानकारी के अनुसार, जमशेदपुर से वाराणसी जा रही एक यात्री बस की विपरीत दिशा से आ रहे अनियंत्रित ट्रक से आमने-सामने टक्कर हो गई। बताया जा रहा है कि ट्रक चालक ने गलत दिशा में वाहन चलाते हुए डिवाइडर तोड़ दिया और बस के लेन में घुस गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस के परखच्चे उड़ गए।
मृतकों की पहचान
हादसे में वाराणसी के चितईपुर थाना क्षेत्र निवासी दीपक पटेल की 9 वर्षीय पुत्री दीक्षिता कुमारी और भूलनपुर, वाराणसी निवासी अरुण कुमार की पत्नी आभा रानी की मौके पर ही मौत हो गई। तीसरे मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है।
65 से अधिक यात्री थे सवार
बताया जा रहा है कि बस में 65 से 70 यात्री सवार थे। घायलों में पश्चिम बंगाल, पटना और रांची के यात्री शामिल हैं। सभी घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
चालक फरार, ट्रक जब्त
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। कुदरा थाना के एएसआई बी.एन. उपाध्याय ने बताया कि पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश में छापेमारी की जा रही है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
घंटों बाधित रहा आवागमन
दुर्घटना के बाद एनएच-19 पर लंबा जाम लग गया। पुलिस और एनएचएआई की रेस्क्यू टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य चलाया, जिसके बाद यातायात को सामान्य किया गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
Author: Deepak Mittal









