रायगढ़: जिले के खरसिया थाना क्षेत्र अंतर्गत परासकोल गांव में सोमवार सुबह एक युवक का शव खेत में मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान अनिल कुमार चौहान (35) पिता स्व. प्यारेलाल चौहान, निवासी परासकोल के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में पुलिस अनुविभागीय अधिकारी खरसिया प्रभात पटेल, थाना प्रभारी खरसिया निरीक्षक राजेश जांगड़े, एफएसएल यूनिट, साइबर थाना स्टाफ और डॉग स्क्वॉड की टीम मौके पर पहुंची।
शरीर पर मिले धारदार हथियार के निशान
मृतक की बहन खुशबू चौहान (23) के अनुसार, रविवार शाम अनिल अपने एक दोस्त के साथ दूसरे गांव गया था, जहां दोनों ने खाना-पीना किया। रात करीब 9 से 10 बजे के बीच सड़क की ओर से हल्ला-गुल्ला की आवाज आई, लेकिन उस पर ध्यान नहीं दिया गया। सोमवार सुबह खेत में शव पड़े होने की सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे।
प्राथमिक जांच में मृतक के पेट, गले और अन्य हिस्सों पर धारदार हथियार से वार के निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है।
अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
Kharsia Police Station में अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध हत्या का अपराध दर्ज कर लिया गया है। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए खरसिया अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि हत्या के हर पहलू से गहन जांच की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
Author: Deepak Mittal









