डबल मर्डर से दहला सरिता विहार: मां-बेटी की हत्या कर बेड बॉक्स में छिपाया शव, पड़ोसी गिरफ्तार

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

नई दिल्ली: नई दिल्ली के सरिता विहार स्थित आली विहार इलाके में हुए सनसनीखेज डबल मर्डर ने इलाके में दहशत फैला दी है। एक मकान के बेड बॉक्स से मां और उसकी छह वर्षीय बेटी का शव मिलने के बाद पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी पड़ोसी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान 35 वर्षीय ज्योति और उसकी 6 साल की बेटी के रूप में हुई है। महिला अपने पति सुदर्शन के साथ आली विहार स्थित एक मकान की तीसरी मंजिल पर रहती थी। 20 फरवरी की शाम जब सुदर्शन घर लौटे तो पत्नी और बेटी घर में नहीं दिखीं। कमरे में सामान बिखरा हुआ था। शक होने पर जब बेड के बॉक्स को खोला गया तो अंदर दोनों के शव मिले, जिसे देखकर परिवार के होश उड़ गए।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में गला दबाकर हत्या की आशंका जताई गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए क्राइम टीम और फॉरेंसिक विशेषज्ञों को भी मौके पर बुलाया गया। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

जांच के दौरान पुलिस को उसी बिल्डिंग में रहने वाले 35 वर्षीय दीनदयाल पर शक हुआ, जो रिश्ते में मृतका का भांजा बताया जा रहा है। घटना के बाद से वह फरार था और उसका मोबाइल फोन भी बंद था। पुलिस ने उसकी तलाश में कई स्थानों पर दबिश दी।

सूत्रों के मुताबिक आरोपी पेशे से अकाउंटेंट है और मृतका के साथ उसके करीबी संबंध थे। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच संबंधों को लेकर अक्सर विवाद होता था। इसी विवाद के चलते आरोपी ने कथित तौर पर गुस्से में पहले महिला की हत्या की और फिर बच्ची की भी जान ले ली। वारदात के बाद उसने दोनों शवों को बेड बॉक्स में छिपाकर फरार हो गया।

हत्या के बाद आरोपी पहले हरिद्वार भागा और वहां दो दिन तक छिपा रहा। इसके बाद वह अपने पैतृक गांव दरभंगा पहुंच गया। हालांकि पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस और लगातार दबिश के जरिए उसकी लोकेशन ट्रैक कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

फिलहाल आरोपी को दिल्ली लाया जा रहा है, जहां उससे गहन पूछताछ की जाएगी। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हत्या की साजिश पहले से रची गई थी या फिर यह अचानक गुस्से में उठाया गया कदम था। मामले की जांच जारी है और पुलिस का कहना है कि पूछताछ में और भी अहम खुलासे हो सकते हैं।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment