जगदलपुर: शहर के राष्ट्रीय राजमार्ग-30 स्थित नए पुल से इंद्रावती नदी में छलांग लगाने वाले 19 वर्षीय युवक का शव बुधवार सुबह बरामद कर लिया गया। सुसाइड से पहले युवक ने अपनी मां को फोन कर “अलविदा, जा रहा हूं… अब नहीं लौटूंगा” कहा और कॉल काट दी थी। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान तरुण दास (19) के रूप में हुई है। वह शहर में पदस्थ एक महिला आरक्षक का पुत्र था। मंगलवार रात तरुण ने अपनी मां को फोन कर कहीं जाने और वापस न लौटने की बात कही। बेटे की बात सुनकर घबराई मां ने तुरंत कोतवाली पुलिस को सूचना दी।
इंद्रावती नदी में कूदने की मिली सूचना
इसी दौरान पुलिस को Indravati River में एक युवक के कूदने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और नगर सेना की एसडीआरएफ टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल से युवक की चप्पल और मोबाइल फोन बरामद किया गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने भी युवक के नदी में कूदने की पुष्टि की।
रात अधिक होने और अंधेरे के कारण सर्च ऑपरेशन में दिक्कतें आईं, बावजूद इसके देर रात तक तलाश जारी रही। बुधवार सुबह दोबारा सर्च अभियान शुरू किया गया, जिसके बाद युवक का शव नदी से बरामद कर लिया गया।
पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया शव
पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है।
बताया गया है कि तरुण की मां सीएसपी कार्यालय में पदस्थ हैं, जबकि पिता पुलिस विभाग में सैनिक के पद पर कार्यरत हैं। दोनों कई वर्षों से अलग रह रहे थे। तरुण चार भाई-बहनों में सबसे छोटा था।
पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8160716
Total views : 8184277