मेरठ: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में सोमवार रात दर्दनाक हादसा हो गया। लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के इस्लामाबाद गली नंबर-3 स्थित कपड़ा व्यापारी हाजी इकबाल के मकान में भीषण आग लगने से 5 बच्चों और 1 महिला की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि एक अन्य महिला गंभीर रूप से झुलस गई।
सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और घर के अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला। सभी को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने 1 महिला और 5 बच्चों को मृत घोषित कर दिया।
परिवार के सदस्य मोहम्मद फारुख ने बताया कि हादसे के वक्त घर के पुरुष नमाज पढ़ने मस्जिद गए थे। इसी दौरान पड़ोसियों से आग लगने की सूचना मिली। अस्पताल पहुंचने पर उन्हें बेटी, भाई की पत्नी रुखसार, भतीजे अकदस और दो जुड़वा बेटियों अनामिका व इनाया की मौत की जानकारी मिली।
अविनाश पांडे (एसएसपी मेरठ) ने बताया कि शाम करीब 8:49 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। तीन मिनट के भीतर 112 नंबर की आपातकालीन सेवा मौके पर पहुंच गई थी। प्राथमिक जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। बिजली विभाग और अग्निशमन विभाग द्वारा विस्तृत जांच की जा रही है।
जिलाधिकारी वीके सिंह ने कहा कि प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार आग संभवतः किसी विद्युत उपकरण से लगी और घर में रखे कपड़ों के कारण तेजी से फैल गई। अंतिम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट कारण सामने आएगा।
वहीं रफीक अंसारी ने बताया कि प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की ओर से मदद की पेशकश की गई, लेकिन परिवार ने फिलहाल सहायता लेने से इनकार किया है।
हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल है। प्रशासन ने घटना की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं।
Author: Deepak Mittal









Total Users : 8235504
Total views : 8282797