अमेरिका: फ्लोरिडा स्थित Mar-a-Lago रिसॉर्ट के सुरक्षा क्षेत्र में एक हथियारबंद घुसपैठिए के मारे जाने की घटना के एक दिन बाद अमेरिकी राष्ट्रपति Donald Trump ने अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई।
ट्रंप ने कहा, “मुझे नहीं पता कि मैं कब तक रहूंगा। बहुत से लोग मुझ पर गोलियां चला रहे हैं, है ना?” यह बयान उस घटना के बाद उनकी पहली सार्वजनिक प्रतिक्रिया मानी जा रही है, जब United States Secret Service के एजेंटों ने फ्लोरिडा में उनकी संपत्ति के पास एक बंदूकधारी को मार गिराया।
घुसपैठिए की पहचान
अधिकारियों के अनुसार, संदिग्ध की पहचान 21 वर्षीय ऑस्टिन टकर मार्टिन के रूप में हुई है, जो नॉर्थ कैरोलिना का निवासी था। घटना तड़के करीब 1:30 बजे (स्थानीय समय) की बताई जा रही है, जब वह पाम बीच एस्टेट के नॉर्थ गेट से अंदर घुसा।
पाम बीच काउंटी शेरिफ Ric Bradshaw ने बताया कि संदिग्ध के पास एक शॉटगन और पेट्रोल से भरा कनस्तर था। अधिकारियों ने उसे हथियार नीचे रखने को कहा, लेकिन उसने शॉटगन को फायरिंग पोजीशन में उठा लिया। इसके बाद एजेंटों और डिप्टी ने कार्रवाई करते हुए उसे मार गिराया।
सीक्रेट सर्विस के प्रवक्ता Anthony Guglielmi ने बताया कि संदिग्ध के लापता होने की रिपोर्ट उसके परिवार ने कुछ दिन पहले दर्ज कराई थी। जांचकर्ताओं का मानना है कि वह नॉर्थ कैरोलिना से फ्लोरिडा आया था और रास्ते में उसे हथियार मिला।
पहले भी हो चुकी हैं हमले की कोशिशें
गौरतलब है कि ट्रंप 2024 के चुनाव अभियान के दौरान दो अलग-अलग हत्या के प्रयासों से बच चुके हैं। हालिया घटना के संदर्भ में उन्होंने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा कि “ऐसे पागल शूटर सिर्फ अहम राष्ट्रपतियों के पीछे पड़ते हैं।”
उन्होंने उदाहरण के तौर पर पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति Abraham Lincoln और John F. Kennedy का उल्लेख किया, जिनकी हत्या कर दी गई थी। ट्रंप ने मजाकिया लहजे में कहा, “शायद मैं थोड़ा कम अहम होना चाहता हूं। क्या हम इसे थोड़ा रोक सकते हैं? चलो कुछ समय के लिए एक सामान्य राष्ट्रपति बन जाते हैं।”
घटना के समय ट्रंप मौजूद नहीं थे
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि घटना के समय ट्रंप मौके पर मौजूद नहीं थे। मामले की जांच जारी है और सुरक्षा एजेंसियां सभी पहलुओं की गहन पड़ताल कर रही हैं।
Author: Deepak Mittal









Total Users : 8159955
Total views : 8183029