गुमला (झारखंड): जिले के कामडारा थाना क्षेत्र में सोमवार को एक युवक और युवती के शव पेड़ से लटके मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग में आत्महत्या का बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, ग्रामीणों ने गांव के समीप तालाब किनारे स्थित एक पेड़ पर दोनों के शव लटके देखे। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। घटनास्थल पर देखते ही देखते ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
परिजनों ने बताया कि युवती 21 फरवरी की सुबह मैट्रिक परीक्षा का प्रैक्टिकल देने की बात कहकर घर से निकली थी। युवक भी उसी दिन सुबह घर से बाहर गया था। देर शाम तक दोनों के घर नहीं लौटने पर परिवार वालों ने खोजबीन शुरू की, लेकिन दो दिनों तक कोई सुराग नहीं मिला। सोमवार को गांव के पास दोनों के शव बरामद हुए।
मामले में एक अहम तथ्य यह भी सामने आया है कि युवक ने कथित तौर पर आत्महत्या से पहले इंस्टाग्राम पर एक वीडियो अपलोड किया था। वीडियो में उसने कहा था कि दोनों एक-दूसरे से प्रेम करते थे, लेकिन परिवार वाले उनके रिश्ते को स्वीकार नहीं कर रहे थे, जिसके चलते उन्होंने यह कदम उठाने का फैसला किया। पुलिस वीडियो की सत्यता और उससे जुड़ी परिस्थितियों की जांच कर रही है।
कामडारा थाना प्रभारी मुकेश कुमार सुमन ने बताया, “घटनास्थल से एक बैग और पानी की बोतल बरामद हुई है। पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर ली गई है और सभी पहलुओं से मामले की जांच की जा रही है।”
घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने और जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8160048
Total views : 8183188