रायपुर: छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र 2026-27 को लेकर आज विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह की अध्यक्षता में समिति कक्ष में कार्य मंत्रणा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप, वित्त मंत्री ओ. पी. चौधरी, कृषि मंत्री रामविचार नेताम सहित समिति के सदस्य मौजूद रहे।
बैठक में तय किया गया कि सदन की कुल 15 बैठकें आयोजित की जाएंगी। सत्र की शुरुआत राज्यपाल रमेन डेका के अभिभाषण से होगी। अभिभाषण के बाद कृतज्ञता ज्ञापन प्रस्ताव प्रस्तुत किया जाएगा, जिसके उपरांत वित्त मंत्री ओ. पी. चौधरी वर्ष 2025-26 का आर्थिक सर्वेक्षण सदन में पेश करेंगे।
राज्यपाल के अभिभाषण और कृतज्ञता ज्ञापन प्रस्ताव पर 25 फरवरी को चर्चा होगी। सत्र के दौरान अविभाजित मध्यप्रदेश के दिवंगत विधायक दीनदयाल पोर्ते को श्रद्धांजलि दी जाएगी।
2813 प्रश्नों पर होगी कार्यवाही
बजट सत्र को लेकर विधायकों ने कुल 2813 प्रश्न लगाए हैं, जिनमें 1437 तारांकित और 1378 अतारांकित प्रश्न शामिल हैं। इसके अतिरिक्त 61 ध्यानाकर्षण सूचनाएं प्राप्त हुई हैं।
नियम 139 के तहत अविलंबनीय लोक महत्व के विषय पर चर्चा के लिए एक सूचना दी गई है। साथ ही 13 अशासकीय संकल्प, 9 शून्यकाल सूचनाएं और 112 याचिकाएं भी सदन सचिवालय को प्राप्त हुई हैं।
बजट सत्र के दौरान इन सभी विषयों पर निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार चर्चा की जाएगी।
Author: Deepak Mittal









