कांकेर: जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कांकेर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजे की अवैध खेती का खुलासा किया है। अंतागढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम कानागांव में दबिश देकर पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया और उसके घर की बाड़ी से लाखों रुपये मूल्य का गांजा जब्त किया।
351 पौधे और सूखा गांजा बरामद
पुलिस को मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर विशेष टीम गठित कर ग्राम कानागांव में छापेमारी की गई। यहां निवासी सुकालु राम उईके (50 वर्ष) के घर की बाड़ी में अवैध रूप से गांजे की खेती की जा रही थी। तलाशी के दौरान 351 छोटे-बड़े गांजे के पौधे बरामद हुए, जिनका कुल वजन 31 किलोग्राम से अधिक पाया गया। इन पौधों की अनुमानित बाजार कीमत करीब 15 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है।
इसके अलावा, आरोपी के कब्जे से एक नीले रंग की प्लास्टिक बोरी में 2 किलो 740 ग्राम सूखा गांजा भी बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 1 लाख 40 हजार रुपये बताई गई। इस प्रकार कुल जब्ती की कीमत 16 लाख 90 हजार रुपये पहुंच गई।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक Nikhil Ashok Rakhecha के निर्देश पर की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंतागढ़ आशीष बंछोर के मार्गदर्शन और अनुविभागीय अधिकारी पुलिस अंतागढ़ शुभम तिवारी के नेतृत्व में गठित टीम ने सुनियोजित तरीके से दबिश देकर आरोपी को मौके से गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जिला जेल भेज दिया गया।
अभियान रहेगा जारी
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी, भंडारण और खेती के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8159172
Total views : 8181795