जगदलपुर: शहर में दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में एक अज्ञात बुजुर्ग महिला और 18 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। दोनों मामलों में वाहन चालक मौके से फरार हो गए हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
NH-30 पर अज्ञात महिला की मौत
पहली घटना National Highway 30 पर परपा थाना क्षेत्र में हुई। पुलिस के अनुसार, डिमरापाल से आगे मारेंगा चौक आकाशवाणी के पास रात में सूचना मिली कि करीब 50 वर्षीय महिला को किसी तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी है।
मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि महिला की मौत हो चुकी थी। आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ के बावजूद वाहन के संबंध में स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी। महिला के पास कोई पहचान संबंधी दस्तावेज नहीं मिले हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल (मेकाज) भेज दिया गया है।
महिला की पहचान के लिए उसकी तस्वीर सभी थानों और चौकियों में भेजी गई है। साथ ही, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
नकटी सेमरा के पास युवक की कुचलकर मौत
दूसरी घटना बोधघाट थाना क्षेत्र के नकटी सेमरा के पास हुई। पुलिस के मुताबिक, सेमरा निवासी भावेश चंद्र (18) आड़ावाल स्थित एक मोबाइल दुकान में काम करता था।
रात में काम से लौटते समय नगरनार की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार टिप्पर ने उसे कुचल दिया। हादसा इतना गंभीर था कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
दोनों मामलों में फरार वाहन चालकों की तलाश की जा रही है। पुलिस ने आसपास के इलाकों में जांच तेज कर दी है।
Author: Deepak Mittal









