बेमेतरा: चर्चित बिरनपुर हत्याकांड मामले में जिला अदालत ने बड़ा फैसला सुनाते हुए 17 आरोपियों को दोषमुक्त कर दिया है। अदालत के इस निर्णय के साथ ही लंबे समय से विचाराधीन इस मामले में नया मोड़ आ गया है।
यह मामला अप्रैल 2023 में सामने आया था। 8 अप्रैल 2023 को दो गुटों के बीच हुए विवाद में भुनेश्वर साहू की हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव बढ़ गया और मामले ने तूल पकड़ लिया। विवाद को धार्मिक रंग मिलने के बाद पूरे गांव में हालात बिगड़ गए थे।
घटना के दो दिन बाद, 10 अप्रैल को गांव में हिंसा भड़क उठी, जिसमें मुस्लिम समुदाय के पिता-पुत्र — रहीम और उनके बेटे ईदुल मोहम्मद — की हत्या कर दी गई थी। हिंसा के दौरान कुछ घरों में आगजनी की घटनाएं भी सामने आई थीं। हालात को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने गांव में धारा 144 लागू कर दी थी और करीब दो सप्ताह तक कर्फ्यू लगा रहा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने व्यापक जांच की थी। भुनेश्वर साहू हत्याकांड में 12 लोगों को गिरफ्तार किया गया था और कई ग्रामीणों से पूछताछ की गई थी। वहीं, रहीम और ईदुल मोहम्मद की हत्या के मामले में 17 लोगों को आरोपी बनाया गया था, जो लंबे समय से न्यायिक हिरासत में थे।
जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने सुनवाई के बाद साक्ष्यों के अभाव में 17 आरोपियों को दोषमुक्त कर दिया। फैसले के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। प्रशासन ने शांति बनाए रखने की अपील की है।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8157496
Total views : 8179145