रायगढ़: विष्णुदेव साय ने रायगढ़ में एक महत्वपूर्ण बयान देते हुए कहा कि राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने और कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए पूरी गंभीरता से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाना सरकार की प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस वर्ष राज्य में 25 लाख 24 हजार किसानों से धान खरीदी की गई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि धान की अंतर राशि का भुगतान होली से पहले किसानों के खातों में कर दिया जाएगा। इससे किसानों को समय पर आर्थिक सहायता मिलेगी और उनकी वित्तीय स्थिति सुदृढ़ होगी।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य में नक्सलवाद के मुद्दे पर भी बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि सरकार नक्सलवाद के पूर्ण उन्मूलन के लिए प्रतिबद्ध है और लक्ष्य है कि 31 मार्च तक इस समस्या को समाप्त किया जाए, ताकि राज्य के विकास में कोई बाधा न रहे। उन्होंने कहा कि बस्तर क्षेत्र पिछले चार दशकों से विकास से अछूता रहा है, लेकिन अब सरकार वहां तेज गति से विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है और स्थानीय लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है।
मुख्यमंत्री साय ने दोहराया कि राज्य सरकार विकास, सुरक्षा और किसानों के कल्याण को समान प्राथमिकता देते हुए छत्तीसगढ़ को प्रगति के नए आयाम तक पहुंचाने के लिए संकल्पित है।
Author: Deepak Mittal









Total Users : 8199926
Total views : 8237798