कोरबा: जिले के हरदी बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मुड़ापार बाजार पारा में शनिवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 25 वर्षीय गर्भवती महिला की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रेलर सड़क किनारे बने मकान की बाउंड्री वाल तोड़ते हुए सीधे आंगन में जा घुसा।
मृतका की पहचान शशि बाई सूर्यवंशी (25) के रूप में हुई है। घटना के समय वह खाना खाने के बाद आंगन में बर्तन धो रही थीं। तभी ट्रेलर की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वह गर्भवती थीं, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
मृतका के ससुर भोलाराम सूर्यवंशी ने बताया कि शाम करीब चार बजे वे अपने कमरे में आराम कर रहे थे। अचानक तेज धमाके की आवाज सुनाई दी। जब तक वे बाहर निकलते, ट्रेलर घर की दीवार तोड़ते हुए भीतर घुस चुका था। आंगन में खेल रहे बच्चों को किसी तरह सुरक्षित हटाया गया, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। परिवार के अन्य सदस्य बाल-बाल बच गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेलर क्रमांक CG 10 BP 5301 बलौदा की ओर से आ रहा था और रांग साइड में तेज गति से चल रहा था। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर जुट गए। हादसे में मकान का एक हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा कार्रवाई शुरू कर दी है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है।
Author: Deepak Mittal









Total Users : 8199926
Total views : 8237798