रायपुर: राजधानी रायपुर में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी, दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान रायपुर में नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक युवक ने युवती से लाखों रुपये ऐंठ लिए। इतना ही नहीं, आरोपी ने युवती के साथ दुष्कर्म कर उसका अश्लील वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल भी किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, 25 वर्षीय पीड़िता की पहचान करीब दो वर्ष पूर्व सोशल मीडिया के माध्यम से कवर्धा जिले के पांडातराई निवासी रितेश चंद्राकर (26) से हुई थी। आरोपी ने खुद को एम्स रायपुर में कार्यरत कर्मचारी बताया और धीरे-धीरे युवती का विश्वास जीत लिया। उसने भरोसा दिलाया कि वह युवती को एम्स में नौकरी दिला सकता है।
आरोप है कि रितेश ने नौकरी के नाम पर युवती से अलग-अलग किस्तों में लगभग 6 लाख रुपये वसूल किए। विश्वास कायम रखने के लिए उसने फर्जी जॉइनिंग लेटर भी सौंप दिए। दस्तावेज देखकर युवती को संदेह नहीं हुआ और वह नौकरी मिलने की उम्मीद में तैयारी करती रही।
इसी दौरान आरोपी ने युवती को आमानाका थाना क्षेत्र के एक होटल में बुलाया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया और अश्लील वीडियो बना लिए। बाद में इन्हीं वीडियो के आधार पर वह युवती को धमकाने और ब्लैकमेल करने लगा। मानसिक रूप से प्रताड़ित युवती लगातार दबाव में रही।
मामले का खुलासा तब हुआ जब युवती जॉइनिंग लेटर लेकर एम्स रायपुर पहुंची। संस्थान में जांच के दौरान दस्तावेज पूरी तरह फर्जी पाए गए। इसके बाद युवती को ठगी का एहसास हुआ और उसने आमानाका थाने में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ ठगी, दुष्कर्म और आईटी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया। तकनीकी साक्ष्यों और लोकेशन के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने आरोपी को कवर्धा से गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल उससे पूछताछ जारी है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि नौकरी के नाम पर किसी भी प्रलोभन या संदिग्ध प्रस्ताव से सावधान रहें तथा बिना सत्यापन किसी को धनराशि न दें।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8156728
Total views : 8177881