रायपुर: विष्णुदेव साय कल 15 फरवरी को महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर गरियाबंद जिले के राजिम में आयोजित राजिम कुंभ (कल्प) के समापन समारोह में शामिल होंगे। यह कार्यक्रम पूज्य संतों एवं धर्माचार्यों की उपस्थिति में संपन्न होगा।
महाशिवरात्रि के शुभ अवसर पर शाही स्नान के साथ विशाल शोभायात्रा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के भाग लेने की संभावना है। प्रशासन ने आयोजन को लेकर व्यापक तैयारियां की हैं।
उल्लेखनीय है कि राजिम महानदी, पैरी और सोंढूर नदियों के त्रिवेणी संगम के समीप स्थित छत्तीसगढ़ का एक प्रमुख तीर्थस्थल है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार यह क्षेत्र हरिहर धाम के रूप में विख्यात है, जहां राजीवलोचन मंदिर (विष्णु) और कुलेश्वर महादेव मंदिर (शिव) का संयुक्त धाम स्थित है।
लोकविश्वास है कि यह त्रिवेणी संगम प्रयाग के समान पवित्र माना जाता है, जहां पर्व स्नान, दान, तर्पण और पिंडदान जैसे धार्मिक अनुष्ठान संपन्न किए जाते हैं। प्रतिवर्ष माघ पूर्णिमा से महाशिवरात्रि तक आयोजित होने वाला यह मेला सदियों पुरानी परंपरा का प्रतीक है, जिसे अब राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिल चुकी है।
मेले के दौरान देशभर से नागा साधु-संत, विभिन्न अखाड़ों के महंत, महामंडलेश्वर एवं धर्माचार्य राजिम पहुंचते हैं। इस अवधि में यज्ञ, धर्म प्रवचन, भजन-कीर्तन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होता है, जो श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुभूति प्रदान करता है।
राजिम कुंभ (कल्प) ने छत्तीसगढ़ को धार्मिक पर्यटन के महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में स्थापित किया है। यह आयोजन आस्था, परंपरा और संस्कृति का जीवंत संगम प्रस्तुत करते हुए सामाजिक समरसता और आध्यात्मिक शांति का संदेश देता है।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8156728
Total views : 8177881