उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के दोघट थाना क्षेत्र में रिश्तों को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला और उसके सगे जेठ के बेटे के बीच लंबे समय से चल रहे प्रेम-प्रसंग ने वैलेंटाइन-डे पर नया मोड़ ले लिया। बताया जा रहा है कि महिला के पति ने स्वयं अपनी पत्नी की शादी भतीजे से करवा दी और दोनों को गांव से विदा कर दिया।
पांच साल से चल रहा था प्रेम संबंध
जानकारी के अनुसार, टीकरी कस्बा निवासी पूजा (परिवर्तित नाम) का अपने सगे जेठ के बेटे संजीव के साथ करीब पांच वर्षों से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। महिला की शादी करीब आठ वर्ष पहले हुई थी और उसके दो बच्चे हैं—एक पांच वर्ष और दूसरा तीन वर्ष का।
परिजनों और गांव के गणमान्य लोगों ने कई बार दोनों को समझाने की कोशिश की, लेकिन दोनों अपने फैसले पर अड़े रहे। लगातार विवाद और तनाव के चलते शुक्रवार शाम महिला, उसका पति, प्रेमी युवक और परिजन गांव के जिम्मेदार लोगों के साथ दोघट थाने पहुंचे।
थाने के बाहर डाली एक-दूसरे को वरमाला
बताया जा रहा है कि थाने के बाहर ही महिला और युवक ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाई। दोनों ने लिखित में भी दिया कि वे अपनी मर्जी से साथ रहना चाहते हैं और गांव छोड़कर बाहर मजदूरी कर जीवनयापन करेंगे।
महिला के मायके पक्ष ने इस मामले से खुद को अलग कर लिया। बताया गया कि महिला के दोनों बच्चे अपने पिता के पास ही रहेंगे।
पति ने बताया जान का खतरा
पति पंकज (परिवर्तित नाम) का कहना है कि पिछले पांच वर्षों से हर कुछ महीनों में घर में इस संबंध को लेकर विवाद होता रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि एक बार उन्हें जहर देने की भी कोशिश की गई थी। उनका कहना है कि अपनी और बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए उन्होंने यह निर्णय लिया।
पुलिस ने दी सफाई
थाना प्रभारी सूर्यदीप सिंह ने बताया कि इस मामले में थाने में कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। जानकारी मिली है कि थाने के बाहर दोनों ने आपसी सहमति से माला बदली है। पुलिस के अनुसार, यदि कोई पक्ष शिकायत करता है तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है और रिश्तों की मर्यादा व सामाजिक मूल्यों को लेकर कई सवाल खड़े कर रहा है।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8156635
Total views : 8177736