रायपुर: राजधानी रायपुर के अभनपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में स्कूटी सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम उल्बा निवासी भूषण लाल साहू (35) अपने मित्र मनोज साहू के साथ स्कूटी क्रमांक CG-04-HZ-8951 से ग्राम खोरपा से घर लौट रहे थे। शाम करीब 6:30 बजे भरेंगाभाठा के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार हाईवा क्रमांक CG-04-PK-5388 ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हाईवा की रफ्तार अधिक थी और चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे में भूषण लाल साहू के सिर में गंभीर चोट आई, जबकि पीछे बैठे मनोज साहू को सिर, आंख के पास और कमर में गंभीर चोटें आईं।
स्थानीय ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अभनपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने भूषण लाल साहू को मृत घोषित कर दिया। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई। गंभीर रूप से घायल मनोज साहू को बेहतर उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
सूचना मिलते ही अभनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त हाईवा को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 281, 125(ए) एवं 106(1) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने भारी वाहनों की तेज रफ्तार पर रोक लगाने और सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8155561
Total views : 8175999