गुवाहाटी: असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने बुधवार को जानकारी दी कि राज्य से 16 अवैध बांग्लादेशी घुसपैठियों की पहचान कर उन्हें वापस भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अवैध घुसपैठ के खिलाफ सख्त रुख अपनाए हुए है और ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए लिखा, “कुछ लोग शोर मचाते हैं, लेकिन असम के लिए यही एकमात्र विकल्प है। आज असम फ्रंट फुट पर खेल रहा है। हम अपनी मातृभूमि की रक्षा के लिए अनंत इंतजार नहीं करते, बल्कि त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करते हैं।”
उन्होंने आगे कहा, “16 अवैध बांग्लादेशियों की पहचान कर उन्हें तड़के ही तुरंत वापस भेज दिया गया। बाय।” हालांकि, उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि इन्हें राज्य के किस क्षेत्र से पकड़ा गया या किस सीमा बिंदु के जरिए वापस भेजा गया।
राज्य सरकार बांग्लादेश से अवैध रूप से प्रवेश करने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है। अधिकारियों के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे इलाकों में निगरानी बढ़ाई गई है और पहचान के बाद घुसपैठियों को सीमा के रास्ते वापस भेजने की प्रक्रिया अपनाई जा रही है।
सरकार का कहना है कि राज्य की सुरक्षा और जनसांख्यिकीय संतुलन बनाए रखने के लिए इस तरह की कार्रवाई आवश्यक है।
Author: Deepak Mittal









