राज्य की पहली महिला डिप्टी CM, मंत्रालय में संभाला ऑफिस चार्ज
महाराष्ट्र: महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने के दस दिन बाद सुनेत्रा पवार ने मंगलवार को मुंबई स्थित राज्य सचिवालय मंत्रालय में अपने कार्यालय का औपचारिक रूप से कार्यभार संभाल लिया। सुनेत्रा पवार राज्य की पहली महिला उपमुख्यमंत्री हैं।
उपमुख्यमंत्री के रूप में सुनेत्रा पवार के पास स्टेट एक्साइज ड्यूटी, खेल एवं युवा मामले, अल्पसंख्यक विकास और औकाफ जैसे अहम विभागों की जिम्मेदारी है। 62 वर्षीय सुनेत्रा पवार, पूर्व उपमुख्यमंत्री और एनसीपी अध्यक्ष अजित पवार की पत्नी हैं, जिनका 28 जनवरी को पुणे जिले के उनके गृह नगर बारामती में हुए एक विमान हादसे में निधन हो गया था।
अजित पवार के निधन के तीन दिन बाद, 31 जनवरी को सुनेत्रा पवार को एनसीपी विधायक दल का नेता चुना गया। इसके बाद मुंबई में राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने उन्हें उपमुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण के पश्चात वे बारामती रवाना हो गई थीं।
कार्यभार संभालने से पहले सुनेत्रा पवार ने विभिन्न स्थानों पर श्रद्धांजलि कार्यक्रमों में भाग लिया। वे स्वर्गीय यशवंतराव चव्हाण को श्रद्धांजलि देने के लिए सतारा जिले के कराड पहुंचीं। इसके अलावा, विमान हादसे में दिवंगत अजित पवार के पीएसओ कांस्टेबल विदिप जाधव के परिवार से भी मुलाकात की।
सोमवार को बारामती में अजित पवार की तेरहवीं की रस्में संपन्न हुईं। इसके बाद सुनेत्रा पवार मुंबई के लिए रवाना हुईं और रास्ते में रूबी हॉल क्लिनिक जाकर एनसीपी (एसपी) प्रमुख शरद पवार से मुलाकात की, जो गले के संक्रमण और सांस संबंधी परेशानी से उबर रहे हैं।
मंगलवार सुबह उन्होंने चैत्यभूमि जाकर डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर को श्रद्धांजलि अर्पित की, इसके बाद सिद्धिविनायक मंदिर में भगवान गणेश का आशीर्वाद लिया। वहाँ से वे सीधे नरीमन पॉइंट स्थित एनसीपी के राज्य मुख्यालय पहुँचीं। इस दौरान उनके साथ पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल और प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे भी मौजूद रहे।
Author: Deepak Mittal









Total Users : 8203333
Total views : 8242060