यूपी की गोशालाएं बनेंगी कैटल फूड सिक्योरिटी हब, शुरू होगा ‘मिशन फॉडर’

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार गोवंश संरक्षण के साथ गोशालाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक नई पहल करने जा रही है। इसके तहत प्रदेश की करीब 7,500 गोशालाओं को कैटल फूड सिक्योरिटी हब के रूप में विकसित किया जाएगा। इस योजना के अंतर्गत गोशालाओं और आसपास के क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर हरे चारे का उत्पादन किया जाएगा।

उत्तर प्रदेश गो सेवा आयोग के अध्यक्ष श्याम बिहारी गुप्ता ने बताया कि प्रदेशव्यापी कार्यक्रम ‘मिशन फॉडर’ का उद्देश्य गोशालाओं को स्थायी रूप से चारा उपलब्ध कराना और किसानों को चारा उत्पादन से जोड़ना है। योजना के तहत प्रत्येक गोशाला को 50 से 100 किसानों के नेटवर्क से जोड़ा जाएगा, जिससे चारा उत्पादन और आपूर्ति की एक संगठित व्यवस्था तैयार हो सके।

उन्होंने बताया कि मिशन फॉडर के अंतर्गत गोशालाओं की उपलब्ध भूमि पर मोरिंगा (सहजन) और नेपियर घास का रोपण किया जाएगा। इसके अलावा गन्ना घास, सुबबूल, ढैंचा तथा लोबिया, मक्का, ज्वार, बाजरा और बरसीम जैसे मौसमी चारे की खेती भी की जाएगी। गो सेवा आयोग के अनुसार प्रदेश की जलवायु में लगभग 50 प्रकार के पशु चारे की खेती संभव है।

अध्यक्ष ने बताया कि मोरिंगा पौधे 12 से 15 वर्षों तक और नेपियर घास 7 से 8 वर्षों तक लगातार हरा चारा उपलब्ध कराने में सक्षम हैं। योजना का लक्ष्य गोशालाओं में संरक्षित गोवंश को प्रतिदिन पर्याप्त मात्रा में हरा चारा उपलब्ध कराना है।

उन्होंने कहा कि हरा चारा गोवंश के पोषण और स्वास्थ्य के लिए अत्यंत लाभकारी है, जिससे दुग्ध उत्पादन में वृद्धि के साथ-साथ गोशालाओं की संचालन लागत में कमी आने की संभावना है। चारा उत्पादन में आत्मनिर्भरता से बाहरी निर्भरता भी घटेगी।

श्याम बिहारी गुप्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में तैयार इस कार्ययोजना में गोवंश संरक्षण, पोषण सुरक्षा, प्राकृतिक खेती और पर्यावरण संतुलन को प्राथमिकता दी गई है। मिशन फॉडर से हरित आवरण बढ़ने, भूमि की उर्वरता में सुधार और ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर सृजित होने की भी उम्मीद है। प्रदेश सरकार के निर्देश पर उत्तर प्रदेश गो सेवा आयोग इस योजना को चरणबद्ध तरीके से लागू करेगा।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

October 2026
S M T W T F S
 123
45678910
11121314151617
18192021222324
25262728293031

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *