रायपुर: छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने दो अलग-अलग जिलों में बड़ी छापेमार कार्रवाई करते हुए एक संभागीय कमिश्नर समेत तीन सरकारी कर्मचारियों को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई कोंडागांव और अंबिकापुर में की गई।
पहली कार्रवाई कोंडागांव जिले में हुई, जहां बीईओ कार्यालय में पदस्थ बाबू सतीश सोढ़ी को 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया। आरोपी बाबू पर मिडिल स्कूल सरपंच पारा से सेवानिवृत्त शिक्षक सोनसिंह यादव से पेंशन शुरू कराने के नाम पर रिश्वत मांगने का आरोप है। पीड़ित शिक्षक लंबे समय से पेंशन के लिए कार्यालय के चक्कर काट रहे थे। परेशान होकर उन्होंने ACB में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद ACB जगदलपुर की टीम ने जाल बिछाकर आरोपी को रंगे हाथों पकड़ लिया।
दूसरी बड़ी कार्रवाई अंबिकापुर जिले के गोधनपुर स्थित छत्तीसगढ़ हाउसिंग बोर्ड के संभागीय कार्यालय में की गई। यहां ACB की टीम ने संभागीय कमिश्नर पी.सी. अग्रवाल और बाबू अनिल सिंह को एक ठेकेदार से 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। आरोप है कि कमिश्नर ने ठेकेदार से काम के बदले घूस की मांग की थी।
ACB की टीम ने दोनों आरोपियों को मौके पर ही हिरासत में लेकर कार्यालय पहुंचाया, जहां उनसे विस्तृत पूछताछ की जा रही है। दोनों मामलों में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।
Author: Deepak Mittal









Total Users : 8215532
Total views : 8257200