पूर्णकालिक एसडीएम की नियुक्ति की मांग, सात दिन का अल्टीमेटम
तखतपुर: तखतपुर अनुभाग में पदस्थ प्रभारी एसडीएम नितिन तिवारी के खिलाफ अधिवक्ताओं ने मोर्चा खोल दिया है। अधिवक्ताओं ने एसडीएम की कार्यप्रणाली पर असंतोष जताते हुए उन्हें प्रभारी एसडीएम पद से हटाने और तखतपुर में पूर्णकालिक एसडीएम की नियुक्ति की मांग की है।
अधिवक्ताओं का आरोप है कि एसडीएम द्वारा मामलों को अनावश्यक रूप से लंबित रखा जा रहा है, जिससे न्यायिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं। मामलों के निपटारे में देरी के कारण न केवल अधिवक्ताओं, बल्कि पक्षकारों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
इसी मुद्दे को लेकर अधिवक्ता संघ तखतपुर ने कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपते हुए सात दिनों का अल्टीमेटम दिया है। अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित समयसीमा के भीतर प्रभारी एसडीएम को नहीं हटाया गया और पूर्णकालिक एसडीएम की नियुक्ति नहीं की गई, तो वे एसडीएम कार्यालय का बहिष्कार करेंगे।
अधिवक्ता संघ का कहना है कि न्यायिक कार्यों में पारदर्शिता और समयबद्ध निपटारे के लिए यह कदम उठाना मजबूरी बन गया है। अब इस मामले में प्रशासन के फैसले पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।
वहीं, प्रभारी एसडीएम नितिन तिवारी ने अपने ऊपर लगाए गए सभी आरोपों को निराधार बताते हुए कहा है कि सभी कार्य तय समय-सीमा के भीतर किए जा रहे हैं।
Author: Deepak Mittal








Total Users : 8181025
Total views : 8212691