CM विष्णुदेव साय आज मयाली-बगीचा पर्यटन विकास परियोजना का करेंगे भूमिपूजन

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

जशपुर: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज जशपुर जिले के मयाली में बहुप्रतीक्षित मयाली-बगीचा पर्यटन विकास परियोजना का भूमिपूजन करेंगे। यह परियोजना क्षेत्र में पर्यटन को नई पहचान देने के साथ-साथ स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और आय के नए अवसर सृजित करने में अहम भूमिका निभाएगी।

उल्लेखनीय है कि मयाली-बगीचा पर्यटन विकास परियोजना के लिए भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय द्वारा स्वदेश दर्शन योजना 2.0 के अंतर्गत सीबीडीडी उप-योजना के तहत लगभग 10 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। इस परियोजना को मधेश्वर पहाड़ की प्राकृतिक सुंदरता और धार्मिक महत्व को ध्यान में रखते हुए मयाली डेम के समीप विकसित किया जाएगा।

छत्तीसगढ़ राज्य में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं और जशपुर जिला अपनी नैसर्गिक सुंदरता के लिए विशेष रूप से जाना जाता है। यहां की नदियां, झरने, पहाड़, घाटियां, घने जंगल तथा समृद्ध आदिवासी और ग्रामीण संस्कृति पर्यटकों को लगातार आकर्षित करती रही हैं। इन्हीं संभावनाओं को दृष्टिगत रखते हुए जशपुर क्षेत्र में पर्यटन विकास के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।

परियोजना के अंतर्गत पर्यटक रिसॉर्ट एवं स्किल डेवलपमेंट सेंटर का विकास किया जाएगा। साथ ही मधेश्वर पहाड़ के नीचे स्थित गुफा मंदिर एवं कैलाश गुफा (बगीचा) क्षेत्र में भी पर्यटन विकास से जुड़े कार्य किए जाएंगे, जिससे धार्मिक और प्राकृतिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।

इसके अलावा राज्य सरकार द्वारा पर्यटन को प्रोत्साहित करने के लिए होम-स्टे विकसित करने का भी प्रस्ताव है, जिससे स्थानीय नागरिकों को अतिरिक्त आय के अवसर प्राप्त होंगे। मयाली-बगीचा परियोजना के क्रियान्वयन से जशपुर क्षेत्र में पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी, स्थानीय युवाओं को कौशल विकास का लाभ मिलेगा और नए रोजगार के अवसर सृजित होंगे।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा किया जाने वाला यह भूमिपूजन जशपुर जिले के पर्यटन विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

September 2026
S M T W T F S
 12345
6789101112
13141516171819
20212223242526
27282930  

Leave a Comment