रायपुर/दिल्ली: नवा रायपुर में छत्तीसगढ़ के पहले अंतरिक्ष केंद्र के शुभारंभ को प्रदेश के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि यह केंद्र छत्तीसगढ़ के युवाओं के सपनों को नया आकाश देगा। उन्होंने इसे राज्य को भविष्य का स्पेस टेक्नोलॉजी हब बनाने की दिशा में एक मजबूत और दूरदर्शी कदम बताया।
बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि इस अंतरिक्ष केंद्र के माध्यम से छत्तीसगढ़ के छात्र और युवा वैज्ञानिक स्पेस रिसर्च, नवाचार, सिम्युलेशन और अत्याधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण के अवसर प्राप्त करेंगे। इससे प्रदेश के युवा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकेंगे। उन्होंने इसे छत्तीसगढ़ के उज्ज्वल भविष्य की ठोस नींव करार दिया।
सांसद अग्रवाल ने कहा कि नवा रायपुर में इस महत्वाकांक्षी परियोजना का साकार होना पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। यह उपलब्धि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शी सोच, विज्ञान एवं नवाचार को बढ़ावा देने वाली नीतियों और राज्य के समग्र विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का परिणाम है। उन्होंने छत्तीसगढ़ की जनता की ओर से प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने आगे कहा कि यह अंतरिक्ष केंद्र नई पीढ़ी की उड़ान की शुरुआत है, जो छत्तीसगढ़ को अंतरिक्ष विज्ञान के राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मानचित्र पर नई पहचान दिलाएगा। इसके माध्यम से राज्य के युवाओं के लिए अनंत संभावनाओं के द्वार खुलेंगे और वे इसरो, नासा सहित वैश्विक मंचों पर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करेंगे।
बताया गया कि अगस्त 2025 में आंध्र प्रदेश प्रवास के दौरान सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र का भ्रमण किया था। इसी दौरान उन्हें छत्तीसगढ़ में भी ऐसी ही अत्याधुनिक सुविधा स्थापित करने की प्रेरणा मिली। इसके बाद 8 सितंबर 2025 को उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा अंतरिक्ष आयोग के अध्यक्ष एवं अंतरिक्ष विभाग के सचिव डॉ. वी. नारायणन को पत्र लिखकर छत्तीसगढ़ के रजत जयंती वर्ष में रायपुर में स्पेस लैब और सिम्युलेटर स्थापित करने का आग्रह किया था।
साथ ही सांसद अग्रवाल ने लोकसभा में नियम 377 के तहत इस विषय को उठाकर केंद्र सरकार का ध्यान आकृष्ट किया। इसके परिणामस्वरूप 18 नवंबर 2025 को अंतरिक्ष विभाग के सचिव डॉ. वी. नारायणन ने पत्र के माध्यम से रायपुर में सिम्युलेटर सहित अंतरिक्ष प्रयोगशाला स्थापित करने की स्वीकृति प्रदान की, जिसके बाद अब नवा रायपुर में राज्य के पहले अंतरिक्ष केंद्र का शुभारंभ हो सका।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8155583
Total views : 8176025