बिलासपुर: जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए पुलिस ने अब ड्रोन कैमरे से निगरानी शुरू कर दी है। इसी कड़ी में पुलिस ने बीती रात सिरगिट्टी क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए सार्वजनिक स्थानों पर नशा कर रहे 10 युवकों को धर दबोचा।
यह कार्रवाई सीएसपी निमितेश सिंह के मार्गदर्शन और सिरगिट्टी थाना प्रभारी किशोर केंवट के नेतृत्व में की गई। ड्रोन कैमरे के जरिए चुचुहियापारा, तिफरा और सिरगिट्टी के अतिसंवेदनशील इलाकों में सक्रिय नशे के अड्डों की पहचान की गई, जिसके बाद पुलिस टीमों ने एक साथ कई स्थानों पर दबिश दी।
पुलिस ने मौके से कुल 10 नशेड़ियों को हिरासत में लिया। कार्रवाई के दौरान उन्हें सार्वजनिक रूप से उठक-बैठक कराकर सख्त चेतावनी दी गई और उनके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई। वहीं संदिग्ध रूप से घूम रहे कुछ अन्य लोगों को समझाइश देकर कड़ी चेतावनी के साथ छोड़ दिया गया।
पुलिस की इस अचानक कार्रवाई से क्षेत्र में नशाखोरी करने वालों में हड़कंप मच गया है। स्थानीय नागरिकों ने पुलिस की पहल की सराहना करते हुए इसे कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने की दिशा में अहम कदम बताया है।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि नशे के खिलाफ अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा और अपराधियों पर नजर रखने के लिए आधुनिक तकनीक का लगातार इस्तेमाल किया जाएगा।
Author: Deepak Mittal









