यूपी: मथुरा जिले के नौहझील क्षेत्र स्थित एक सरकारी प्राथमिक विद्यालय में बच्चों से कथित तौर पर जबरन नमाज पढ़वाने का मामला सामने आया है। शिकायत मिलने के बाद बेसिक शिक्षाधिकारी (बीएसए) मथुरा ने प्रधानाध्यापक को प्रथम दृष्टया दोषी मानते हुए तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। मामले की निष्पक्ष जांच के लिए शिक्षा विभाग ने दो सदस्यीय जांच समिति का गठन किया है।
यह मामला प्राथमिक विद्यालय नौहझील से जुड़ा है, जहां तैनात प्रधानाध्यापक जान मोहम्मद पर विद्यालय में धर्म विशेष का प्रचार करने और बच्चों को प्रभावित करने के आरोप लगाए गए हैं। इस संबंध में भाजपा बाजना मंडल अध्यक्ष दुर्गेश प्रधान ने बीएसए मथुरा को लिखित शिकायत सौंपी थी।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि प्रधानाध्यापक बच्चों को बहला-फुसलाकर एक विशेष धर्म के प्रति प्रेरित करता था और उनसे नमाज पढ़वाता था। साथ ही अन्य धर्मों के प्रति आपत्तिजनक टिप्पणियां करने का भी आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि वह हिंदू देवी-देवताओं का अपमान करता था और हिंदू धर्म को नीचा दिखाने का प्रयास करता था।
इसके अलावा विद्यालय परिसर में लगातार संदिग्ध गतिविधियों की भी शिकायत की गई थी, जिससे अभिभावकों और स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही थी। आरोप यह भी है कि प्रधानाध्यापक विद्यालय में नियमित रूप से राष्ट्रगान का गायन नहीं कराता था, और यदि बच्चे राष्ट्रगान गाते थे तो उन्हें डांटा और हड़काया जाता था। वहीं, महिलाओं के प्रति उसके आचरण को लेकर भी सवाल खड़े किए गए हैं।
बीएसए मथुरा ने बताया कि शिकायत की गंभीरता को देखते हुए प्रधानाध्यापक को निलंबित किया गया है। गठित दो सदस्यीय जांच समिति पूरे मामले की जांच कर अपनी रिपोर्ट सौंपेगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
Author: Deepak Mittal









Total Users : 8208659
Total views : 8248659