कुत्तों का आतंक: एक दिन में 19 लोगों को काटा, डॉग बाइट के मामलों से डॉक्टर भी हैरान

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

नर्मदापुरम: मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम में रविवार को आवारा कुत्तों के आतंक से शहर में हड़कंप मच गया। सुबह से शाम तक शहरी और मुख्य बाजार क्षेत्रों में करीब 19 लोग डॉग बाइट का शिकार हो गए। कुत्तों के काटने से घायल लोग दिनभर जिला अस्पताल पहुंचते रहे, जहां इलाज के बाद उन्हें डिस्चार्ज किया गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है, वहीं नगर पालिका से कुत्तों पर नियंत्रण के लिए तत्काल कार्रवाई की मांग की गई है।

जिला अस्पताल के डॉक्टर अंकित गौर ने बताया कि रविवार को अस्पताल में 15 से 20 डॉग बाइट के मामले सामने आए, जिनमें से 5 से 6 केस गंभीर थे। सभी पीड़ित आसपास के इलाकों से आए थे। उन्होंने बताया कि मीनाक्षी चौक और आनंद नगर क्षेत्र में एक कुत्ते ने कई लोगों को काटकर घायल किया।

डॉ. गौर ने कहा कि पहले भी डॉग बाइट के मामले सामने आते रहे हैं, लेकिन एक ही दिन में इतनी बड़ी संख्या में मरीजों का आना असामान्य है। बीते दो दिनों में कुत्तों के काटने की घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी देखी गई है।

उन्होंने बताया कि सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कर आवश्यक इंजेक्शन लगाए गए, जिसके बाद उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया। किसी भी मरीज को रेफर नहीं किया गया।

डॉक्टर ने बताया कि जिला अस्पताल में रेबीज के इंजेक्शन पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। डॉग बाइट के शिकार व्यक्ति को चार डोज दिए जाते हैं। वहीं, गंभीर मामलों में एक विशेष इंजेक्शन लगाया जाता है, जिसके लिए मरीज को भर्ती करना पड़ता है।

डॉक्टरों ने नगर पालिका से आवारा कुत्तों को पकड़ने और उन पर नियंत्रण के लिए तत्काल कदम उठाने की अपील की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment