CM साय ने नारायणपुर के परीयना दिव्यांग आवासीय विद्यालय को बस देने की घोषणा की

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

नारायणपुर: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज नारायणपुर जिले के गरांजी स्थित परीयना दिव्यांग आवासीय विद्यालय में अचानक छात्रों के बीच पहुंचे। विद्यालय पहुंचने पर संस्था में अध्ययनरत दिव्यांग छात्र रंजीत बड्डे सहित विशेष आवश्यकता वाले बच्चों ने मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत किया।

इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा स्वागत गीत, हनुमान चालीसा और बस्तर अंचल के पारंपरिक गीतों की सुंदर प्रस्तुति दी गई, जिसने उपस्थित सभी अतिथियों को मंत्रमुग्ध कर दिया। बच्चों की मांग पर मुख्यमंत्री साय ने विद्यालय को एक बस उपलब्ध कराने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री साय ने बच्चों से संवाद करते हुए कहा कि मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं का पूरा लाभ उठाकर सभी विद्यार्थी अपने भविष्य को उज्ज्वल बनाएं। मुख्यमंत्री ने बच्चों को आईएएस, आईपीएस जैसे उच्च पदों तक पहुंचने के लिए प्रेरित किया और कहा कि किसी भी प्रकार की शारीरिक कमी से निराश होने की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि विशेष आवश्यकता वाले व्यक्तियों पर ईश्वर का विशेष आशीर्वाद होता है।

बच्चों के प्रश्नों के उत्तर देते हुए मुख्यमंत्री साय ने बताया कि उन्हें बचपन में पिट्ठू और फुटबॉल जैसे खेल खेलना बहुत पसंद था। उन्होंने कहा कि बच्चों के बीच आकर उन्हें अत्यंत प्रसन्नता का अनुभव हुआ।

उल्लेखनीय है कि परीयना दिव्यांग आवासीय विद्यालय का शुभारंभ 11 सितंबर 2023 को किया गया था। विद्यालय का संचालन जिला खनिज न्यास निधि से किया जा रहा है। इस विद्यालय का मुख्य उद्देश्य दिव्यांग बच्चों को समावेशी शिक्षा प्रदान कर उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है, जिससे उनका आत्मविश्वास मजबूत हो और वे समाज में अपनी भूमिका प्रभावी रूप से निभा सकें।

वर्तमान में विद्यालय में कुल 60 बच्चे अध्ययनरत हैं। यहां आडियोलॉजी, फिजियोथेरेपी, विशेष शिक्षा, संगीत शिक्षा, खेलकूद, योग एवं व्यायाम तथा कंप्यूटर शिक्षा जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। यह विद्यालय सामान्य और दिव्यांग बच्चों के बीच एक सशक्त सेतु के रूप में कार्य कर रहा है।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

February 2026
S M T W T F S
1234567
891011121314
15161718192021
22232425262728

Leave a Comment