खरगोन: मध्यप्रदेश के खरगोन जिले से एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। बरुड थाना क्षेत्र में दो नाबालिगों द्वारा एक अधेड़ महिला के साथ दुष्कर्म किए जाने की घटना सामने आई है। गंभीर हालत में महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घर से उठाकर खेत में ले गए आरोपी
जानकारी के अनुसार यह घटना जिला मुख्यालय से लगभग 20 किलोमीटर दूर स्थित बरुड थाना क्षेत्र की है। पीड़िता रात के समय अपने घर में सो रही थी। इसी दौरान दो नाबालिग घर में घुस आए और महिला को जबरन उठाकर पास के खेत में ले गए। वहां दोनों ने बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया और उसे गंभीर हालत में छोड़कर फरार हो गए।
परिजनों को खेत में मिली अचेत अवस्था में
घटना के कुछ समय बाद जब परिजन घर लौटे तो महिला घर में नहीं मिली। तलाश के दौरान वह खेत में अचेत अवस्था में पाई गई। परिजन तत्काल उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया।
एक नाबालिग गिरफ्तार, दूसरे की तलाश
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने एक नाबालिग आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मृतका का पोस्टमार्टम डॉक्टरों के पैनल द्वारा किया गया। गिरफ्तार नाबालिग के परिजनों का दावा है कि पूछताछ के दौरान उसने एक अन्य नाबालिग का नाम भी लिया है, हालांकि पुलिस ने अब तक दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी नहीं की है।
क्षेत्र में आक्रोश, निष्पक्ष जांच की मांग
घटना के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। स्थानीय लोगों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Author: Deepak Mittal









Total Users : 8150817
Total views : 8168292