कोलकाता में गोदाम में भीषण आग, अब तक 8 की मौत; बाहर से बंद होने के कारण नहीं निकल पाए मजदूर

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

कोलकाता: पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के आनंदपुर इलाके में एक ड्राई फूड गोदाम में लगी भीषण आग में अब तक आठ लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई अन्य अब भी लापता बताए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार, सोमवार तड़के करीब 3 बजे लगी आग पर काबू पाने के लिए करीब 15 दमकल गाड़ियों को लगाया गया, जिन्होंने दिन-रात राहत एवं बचाव कार्य चलाया।

बारुईपुर पुलिस जिले के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सोमवार शाम तक सात लोगों की मौत की पुष्टि हुई थी, जबकि मंगलवार को एक और व्यक्ति की मौत की सूचना मिली, जिससे मृतकों की संख्या बढ़कर आठ हो गई। उन्होंने कहा कि आग लगभग काबू में है और मलबे में लापता लोगों की तलाश लगातार जारी है।

आनंदपुर के नजीराबाद इलाके में स्थित इस गोदाम में सूखा पैकेट वाला खाना और सॉफ्ट ड्रिंक की बोतलें रखी गई थीं। दमकल विभाग के मुताबिक, आग इतनी भयावह थी कि वह पास के दो अन्य गोदामों तक फैल गई और लगभग पूरा सामान जलकर खाक हो गया। गोदाम संकरी गली में होने के कारण दमकल कर्मियों को आग बुझाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

घटना की सूचना मिलते ही राज्य के बिजली मंत्री अरूप बिस्वास मौके पर पहुंचे। उन्होंने मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और बचाव कार्य का जायजा लिया। फिलहाल आग लगने के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन दमकल अधिकारियों को आशंका है कि शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी होगी।

बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त रात की ड्यूटी पर मौजूद कई कर्मचारी गोदाम के अंदर फंस गए थे। जानकारी के अनुसार, सिक्योरिटी गार्ड के तौर पर काम करने वाले छह से अधिक लोग अंदर मौजूद थे। स्थानीय लोगों का आरोप है कि गोदाम बाहर से बंद था, जिसके चलते अंदर फंसे लोग बाहर नहीं निकल पाए।

फंसे मजदूरों के परिजनों ने बताया कि सोमवार सुबह करीब 3 बजे से गोदाम में आग लगी हुई थी। इस दौरान मजदूरों ने अंदर से फोन कर मदद मांगी थी और जान बचाने के लिए एक दीवार तोड़ने की भी कोशिश की थी, लेकिन इसके बाद उनसे संपर्क टूट गया।

माना जा रहा है कि गोदाम का सारा सामान जलकर राख हो गया है। हालांकि, आग से हुए नुकसान का आकलन अभी नहीं हो पाया है। पुलिस और प्रशासन मामले की जांच में जुटे हुए हैं।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

September 2026
S M T W T F S
 12345
6789101112
13141516171819
20212223242526
27282930  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *