दिल्ली: देश आज 77वां गणतंत्र दिवस पूरे उत्साह और गौरव के साथ मना रहा है। इस अवसर पर राजधानी दिल्ली के कर्तव्य पथ पर तीनों सेनाओं की भव्य परेड आयोजित की जा रही है, जिसमें भारत की सैन्य ताकत, अनुशासन और सांस्कृतिक विविधता की झलक देखने को मिलेगी। गणतंत्र दिवस समारोह की अध्यक्षता राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु करेंगी। इस वर्ष यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन और यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा विशेष अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल होंगे।
परेड की शुरुआत सुबह 10.30 बजे कर्तव्य पथ पर होगी और यह करीब 90 मिनट तक चलेगी। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पारंपरिक रूप से राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पहुंचकर देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और विशेष अतिथि राष्ट्रपति भवन से कर्तव्य पथ पहुंचेंगे, जहां प्रधानमंत्री उनका स्वागत करेंगे। इसके पश्चात राष्ट्रपति राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगी। ध्वजारोहण के दौरान भारतीय वायु सेना के चार एमआई-17वी हेलीकॉप्टर समारोह स्थल के ऊपर से उड़ान भरते हुए तिरंगे के रंगों की पुष्पवर्षा करेंगे।
इसके बाद तीनों सेनाओं की परेड होगी, जिसका नेतृत्व लेफ्टिनेंट जनरल भवनीश कुमार करेंगे। परेड में वीरता पुरस्कार से सम्मानित जवान भी मार्च करते नजर आएंगे। इनमें परमवीर चक्र विजेता सूबेदार मेजर योगेंद्र सिंह यादव और सूबेदार मेजर संजय कुमार, अशोक चक्र विजेता मेजर जनरल सी. ए. पिठावलिया और कर्नल डी. श्रीराम शामिल हैं। खास बात यह है कि इस बार यूरोपीय संघ के सैनिक भी गणतंत्र दिवस परेड में मार्च करते हुए नजर आएंगे।
परेड के दौरान भारतीय सेना की सैन्य शक्ति का भी प्रदर्शन किया जाएगा। इसमें अर्जुन टैंक, बख्तरबंद वाहन, ऑपरेशन सिंधु में इस्तेमाल की गई ब्रह्मोस और आकाश मिसाइलें, सूर्यास्त्र रॉकेट लॉन्चर सिस्टम, नाग मिसाइल सिस्टम और आधुनिक तोपखाने शामिल होंगे।
इसके बाद देश की सांस्कृतिक विविधता को दर्शाने वाली भव्य झांकियां निकाली जाएंगी। इस वर्ष कुल 30 झांकियां शामिल होंगी, जिनमें 17 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की तथा 13 केंद्रीय मंत्रालयों और विभागों की होंगी। इन झांकियों में करीब 2,500 कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे। साथ ही सीआरपीएफ और एसएसबी के जवान मोटरसाइकिलों पर हैरतअंगेज करतब दिखाएंगे।
समारोह के अंत में भारतीय वायु सेना के 29 विमानों द्वारा शानदार फ्लाई-पास्ट किया जाएगा। गणतंत्र दिवस समारोह को देखते हुए राजधानी दिल्ली में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा बल तैनात हैं।
Author: Deepak Mittal









Total Users : 8243820
Total views : 8292897