उपराष्ट्रपति ने पद्म पुरस्कार विजेताओं को दी बधाई, कहा— उनकी विरासत पीढ़ियों को प्रेरित करेगी

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

दिल्ली: भारत के उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने पद्म पुरस्कारों की घोषणा पर सभी पुरस्कार विजेताओं को हार्दिक बधाई दी है। उपराष्ट्रपति के आधिकारिक एक्स (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट से जारी संदेश में उन्होंने पुरस्कार प्राप्त करने वालों के उत्कृष्ट योगदान और समर्पित सेवा की सराहना की, साथ ही मरणोपरांत सम्मानित व्यक्तियों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन ने अपने संदेश में लिखा, “मैं सभी पद्म पुरस्कार विजेताओं को हार्दिक बधाई देता हूं। पुरस्कार विजेताओं के बेहतरीन योगदान और समर्पित सेवा ने देश को कई क्षेत्रों में समृद्ध किया है। पुरस्कार पाने वालों को बधाई देते हुए, मैं उन लोगों को भी सम्मानपूर्वक श्रद्धांजलि देता हूं जिन्हें मरणोपरांत सम्मानित किया गया है, जिनकी स्थायी विरासत पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी। मैं सभी पुरस्कार विजेताओं और उनके परिवारों को शुभकामनाएं देता हूं।”

गौरतलब है कि पद्म पुरस्कार भारत के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में शामिल हैं, जिनमें पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्म श्री शामिल हैं। ये पुरस्कार कला, साहित्य, शिक्षा, चिकित्सा, विज्ञान, खेल, सामाजिक कार्य, सार्वजनिक जीवन, व्यापार और उद्योग जैसे विभिन्न क्षेत्रों में असाधारण योगदान के लिए प्रदान किए जाते हैं।

वर्ष 2026 के पद्म पुरस्कारों की घोषणा गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर की गई है। गृह मंत्रालय द्वारा जारी सूची के अनुसार, इस वर्ष 5 पद्म विभूषण, 13 पद्म भूषण और 113 पद्म श्री पुरस्कारों को मंजूरी दी गई है। सूची में शामिल कई नाम ऐसे हैं, जिन्होंने जीवनभर राष्ट्र और समाज की सेवा में उल्लेखनीय योगदान दिया है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु द्वारा हस्ताक्षरित इस सूची के सार्वजनिक होते ही देशभर से पद्म पुरस्कार विजेताओं को बधाइयों का सिलसिला जारी है। हर वर्ष की तरह इस बार भी पद्म पुरस्कारों की घोषणा ने भारत की विविध प्रतिभाओं, समर्पण और सेवा भावना को एक बार फिर उजागर किया है।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment