बिलासपुर में CM विष्णुदेव साय करेंगे ध्वजारोहण, प्रदेशभर में 77वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास से मनाया जा रहा

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

रायपुर: आज देशभर के साथ छत्तीसगढ़ में भी 77वां गणतंत्र दिवस पूरे उत्साह और देशभक्ति के माहौल में मनाया जा रहा है। प्रदेश के सभी जिलों में मुख्य समारोह आयोजित किए गए हैं, जहां प्रमुख जनप्रतिनिधि ध्वजारोहण कर जनता को संबोधित करेंगे।

बिलासपुर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय राष्ट्रीय ध्वज फहराकर जनसमुदाय को संबोधित करेंगे। वहीं राजनांदगांव में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ध्वजारोहण करेंगे। जगदलपुर में उपमुख्यमंत्री अरुण साव, अंबिकापुर में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और दुर्ग में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा। इस अवसर पर परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रम और देशभक्ति से जुड़े विविध आयोजन हो रहे हैं। प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

इसी कड़ी में प्रदेश की राजधानी रायपुर के स्थानीय पुलिस परेड ग्राउंड में गणतंत्र दिवस समारोह का भव्य आयोजन किया गया है। सुबह 9 बजे राज्यपाल रमेन डेका ध्वजारोहण करेंगे। समारोह में देश की सुरक्षा, अनुशासन और एकता का प्रभावशाली प्रदर्शन देखने को मिलेगा।

परेड में कुल 117 टुकड़ियां शामिल होंगी। इनमें सीमा सुरक्षा बल (BSF), केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF), भारत-तिब्बत सीमा बल (ITBP), केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF), सशस्त्र सीमा बल (SSB) और विशेष आमंत्रित उत्तरप्रदेश पुलिस की टुकड़ी शामिल है। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (पुरुष एवं महिला), छत्तीसगढ़ पुलिस (पुरुष), जेल पुलिस (पुरुष), नगर सेना (पुरुष एवं महिला) तथा एनसीसी के बॉयज और गर्ल्स कैडेट्स भी परेड में हिस्सा लेंगे। परेड के दौरान पुलिस डॉग स्क्वायड विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा।

प्रदेशभर में गणतंत्र दिवस के अवसर पर देशभक्ति का माहौल बना हुआ है और नागरिक बड़ी संख्या में समारोहों में शामिल होकर राष्ट्रीय पर्व का उत्सव मना रहे हैं।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment