दोस्तों ने ही की युवक की हत्या, झील में डुबोकर मारने के बाद कुएं में फेंका शव

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

कर्नाटक:दोस्ती पर भरोसे को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज घटना कर्नाटक के मगडी तालुक से सामने आई है, जहां एक युवक की उसके ही दोस्तों ने बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपियों ने पहले घायल युवक को झील में डुबोकर मार डाला और फिर सबूत छिपाने के लिए उसके शव को कुएं में फेंक दिया। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

मृतक की पहचान मगडी तालुक के कल्याणपुर गांव निवासी विनोद (26) के रूप में हुई है। पुलिस ने इस मामले में उसी गांव के मजदूर सुदीप उर्फ अफ्रीका और लॉरी चालक प्रज्वल को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, घटना 1 जनवरी की दोपहर करीब 3 बजे की है। नए साल के मौके पर विनोद अपने दोस्तों के साथ गांव के नारियल बागान में शराब पार्टी में शामिल हुआ था। इस दौरान आरोपियों ने शराब में नारियल पानी मिलाकर पीने को कहा और विनोद को नारियल के पेड़ पर चढ़ने के लिए उकसाया। नारियल पानी इकट्ठा करते समय करीब 30 फीट ऊंचाई से गिरने के कारण विनोद को कमर, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आईं और वह चलने-फिरने में असमर्थ हो गया।

घटना के बाद वहां मौजूद अन्य लोगों ने आरोपियों से विनोद को अस्पताल ले जाने को कहा और चेतावनी दी कि यदि उसे कुछ हुआ तो वे जिम्मेदार होंगे। इसके बाद आरोपी उसे बाइक पर बैठाकर अस्पताल ले जाने के बहाने निकले, लेकिन रास्ते में खर्च और जिम्मेदारी से बचने के लिए उसकी हत्या की साजिश रच ली।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने घायल विनोद को पास की एक झील में ले जाकर डुबो दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद शव को एक दूर स्थित खेत में रुद्रम्मा नामक महिला के कुएं में ले जाकर, पत्थर से बांधकर फेंक दिया गया। वारदात के बाद आरोपी दोबारा पार्टी स्थल पर लौट गए और शराब पीते रहे।

इधर, विनोद के घर न लौटने पर परिजन परेशान हो गए। काफी तलाश के बाद भी जब उसका पता नहीं चला, तो 7 जनवरी को उसके दादा ने कुडूर पुलिस थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और DySP पी. रवि के मार्गदर्शन में गठित टीम ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment