आज रायपुर में भारत–न्यूजीलैंड के बीच दूसरा टी-20 मुकाबला

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

रायपुर: शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में आज भारत और न्यूजीलैंड के बीच दूसरा टी-20 मैच खेला जाएगा। मुकाबले के लिए दोनों टीमें रायपुर पहुंच चुकी हैं। दोपहर 2:10 बजे भारत और न्यूजीलैंड की टीमें चार्टर्ड विमान से रायपुर एयरपोर्ट पहुंचीं। हालांकि, पिछले दिनों हुए वनडे मैच के मुकाबले इस बार एयरपोर्ट और शहर में दर्शकों का उत्साह अपेक्षाकृत कम नजर आया।

टीम इंडिया शहर के होटल मैरियट में जबकि न्यूजीलैंड की टीम होटल हयात में ठहरी है। मैच के आयोजन को लेकर छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ (CSCS) ने इस बार कुछ अहम बदलाव किए हैं। सुरक्षा और व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए फर्स्ट इनिंग के बाद स्टेडियम में किसी भी प्रकार की एंट्री नहीं दी जाएगी।

क्रिकेट संघ ने बताया कि पिछली व्यवस्थाओं से सबक लेते हुए इस बार कई नियमों में बदलाव किया गया है। सीटों की नंबरिंग की योजना थी, लेकिन समय की कमी के चलते इसे फिलहाल टाल दिया गया है। अब दर्शकों को ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर सीटें दी जाएंगी। गुरुवार तक टिकट रिडीम कराने की अंतिम तिथि थी, ऐसे दर्शक जिन्होंने फिजिकल फॉर्मेट में टिकट रिडीम नहीं कराया है, उन्हें स्टेडियम में प्रवेश नहीं मिलेगा।

सुरक्षा नियमों के तहत बच्चों के खाने-पीने की सामग्री को छोड़कर अन्य सभी सामान प्रवेश द्वार पर जमा कराना होगा। स्टेडियम के भीतर शराब, बीड़ी, सिगरेट, गुटखा, तंबाकू, माचिस, पानी की बोतल, टिफिन, वाद्ययंत्र, छाता, ब्लेड, स्केट्स, बोर्ड, डंडा, बैट, झंडा, चाकू, कांच का कंटेनर, हैंड बैग, सूटकेस, लेडीज बैग, हैंडीकैम, स्प्रे, पेन, पेंसिल, बॉल, लाउड हेलर, सीटी, हॉर्न, रेडियो और किसी भी तरह की भड़काऊ या संदिग्ध वस्तु ले जाने पर प्रतिबंध रहेगा।

क्रिकेट प्रेमियों में मुकाबले को लेकर उत्साह बना हुआ है और स्टेडियम में कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment