पुणे: दिल्ली से पुणे जा रही इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट को धमकी भरा पत्र मिलने से हड़कंप मच गया। हालांकि विमान पुणे हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतरा और सभी यात्रियों को सकुशल बाहर निकाल लिया गया। इंडिगो के प्रवक्ता ने इसकी पुष्टि की है।
इंडिगो की ओर से बताया गया कि 22 जनवरी को दिल्ली से पुणे आ रही फ्लाइट संख्या 6ई 2608 के लैंडिंग के बाद संभावित सुरक्षा खतरे की जानकारी मिली। तय प्रोटोकॉल के तहत तुरंत संबंधित सुरक्षा एजेंसियों को सूचित किया गया और स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) का पालन किया गया। सभी यात्री और क्रू मेंबर्स सुरक्षित हैं। विमान की सुरक्षा जांच भी कराई गई।
गौरतलब है कि इससे पहले रविवार को भी इंडिगो की एक फ्लाइट में बम की धमकी का मामला सामने आया था। यह घटना दिल्ली से बागडोगरा जा रही इंडिगो फ्लाइट संख्या 6ई-6650 से जुड़ी थी। एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) के माध्यम से सूचना मिलने के बाद विमान की लखनऊ एयरपोर्ट पर आपातकालीन लैंडिंग कराई गई थी।
पुलिस के अनुसार, विमान सुबह 9:17 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतरा और उसे आइसोलेशन बे में खड़ा किया गया। प्रारंभिक जांच में विमान के अंदर से टिशू पेपर पर हाथ से लिखा एक नोट मिला, जिस पर लिखा था— “प्लेन में बम”। फ्लाइट में कुल 222 यात्री और 8 शिशु सवार थे, जबकि 2 पायलट और 5 क्रू मेंबर मौजूद थे। सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
हालांकि गहन जांच के बाद विमान में कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। पुलिस ने बताया कि धमकी झूठी प्रतीत हो रही है और जल्द ही अफवाह फैलाने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।
Author: Deepak Mittal









Total Users : 8185513
Total views : 8218741