संजय कपूर संपत्ति विवाद: प्रिया कपूर ने ननद के खिलाफ मानहानि मामले में कोर्ट में दर्ज कराया बयान

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

नई दिल्ली: दिवंगत उद्योगपति संजय कपूर की पत्नी प्रिया कपूर द्वारा दायर आपराधिक मानहानि मामले में बुधवार को पटियाला हाउस कोर्ट में अहम सुनवाई हुई। अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में बंद कमरे में प्रिया कपूर ने अपना बयान दर्ज कराया। यह मामला प्रिया कपूर ने अपनी ननद मंधिरा कपूर और एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ दायर किया है।

प्रिया कपूर का आरोप है कि मंधिरा कपूर और अन्य ने डिजिटल प्लेटफॉर्म, पॉडकास्ट और मीडिया इंटरव्यू के जरिए उनके खिलाफ लगातार झूठे और अपमानजनक बयान दिए। शिकायत के अनुसार, इन बयानों को बाद में मीडिया के माध्यम से गलत तरीके से फैलाया गया, जिससे उनकी सामाजिक और व्यक्तिगत प्रतिष्ठा को गंभीर नुकसान पहुंचा।

शिकायत में कहा गया है कि कथित मानहानिकारक सामग्री में व्यक्तिगत हमले किए गए और कई गंभीर आरोप लगाए गए, जबकि इन मामलों में न्यायालय का अंतिम फैसला आना अभी बाकी है। प्रिया कपूर का दावा है कि यह पूरा मामला आपराधिक मानहानि के दायरे में आता है और न्यायिक प्रक्रिया के बजाय सार्वजनिक मंचों के जरिए उन्हें बदनाम करने और मानसिक रूप से परेशान करने की कोशिश की जा रही है।

उधर, संजय कपूर की संपत्ति और वसीयत को लेकर भी कानूनी विवाद जारी है। इस संबंध में प्रिया कपूर और बॉलीवुड अभिनेत्री करिश्मा कपूर के बच्चों—समायरा कपूर और कियान कपूर—के बीच मामला सर्वोच्च न्यायालय में लंबित है। सुप्रीम कोर्ट ने 16 जनवरी को करिश्मा कपूर को प्रिया कपूर द्वारा दायर याचिका पर नोटिस जारी करते हुए दो सप्ताह के भीतर जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया था।

प्रिया कपूर ने याचिका में संजय कपूर और करिश्मा कपूर के वर्ष 2016 में हुए तलाक से जुड़े सभी गोपनीय दस्तावेजों की प्रमाणित प्रतियां मांगी हैं। इनमें तलाक की याचिका, दोनों पक्षों के बयान, सुप्रीम कोर्ट के आदेश और 2016 में हुआ आपसी समझौता शामिल है।

गौरतलब है कि संजय कपूर के अचानक निधन के बाद संपत्ति को लेकर विवाद और गहरा गया है। करिश्मा कपूर के दोनों बच्चों ने प्रिया कपूर पर कथित तौर पर फर्जी वसीयत कोर्ट में पेश करने और उन्हें संपत्ति से वंचित रखने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल, दोनों पक्षों के बीच यह मामला विभिन्न अदालतों में विचाराधीन है।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment