छत्तीसगढ़ प्रदेश साहू संघ की महत्वपूर्ण बैठक प्रदेश अध्यक्ष डॉ. नीरेंद्र साहू की अध्यक्षता में हुई। बैठक में प्रदेशभर से सभी जिला अध्यक्षों की उपस्थिति रही। बैठक का मुख्य उद्देश्य समाज की वर्तमान स्थिति, संस्कारों में आ रहे क्षरण और बढ़ते दिखावे पर गंभीर मंथन करना था।
प्रदेश संयुक्त सचिव प्रदीप साहू ने बताया कि गहन विचार-विमर्श के बाद सर्वसम्मति से समाजहित में कई अहम फैसले लिए गए। साहू समाज में प्री-वेडिंग शूट को पूर्णतः बंद किया जाएगा। इस फैसले को समाज में बढ़ती फिजूलखर्ची, दिखावे और संस्कारहीन परंपराओं पर रोक लगाने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
साहू संघ ने दो टूक कहा, अब समय आ गया है कि साहू समाज दिखावे की नहीं, संस्कारों की पहचान बने। प्रदेश साहू संघ ने स्पष्ट किया है कि साहू समाज सदैव सादगी, संस्कार और सामाजिक समरसता का प्रतीक रहा है। इस निर्णय के माध्यम से समाज को अपनी मूल संस्कृति और मूल्यों की ओर लौटाने का संकल्प लिया गया है।
बैठक में समाज में बढ़ती पारिवारिक समस्याओं और तलाक की घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए पारिवारिक काउंसलिंग को बढ़ावा देने का भी सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया, ताकि परिवारों में संवाद, समझ और संस्कारों को मजबूत किया जा सके।
Author: Deepak Mittal









