रायपुर: बलरामपुर के पास हुई दर्दनाक बस दुर्घटना को लेकर साय सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। राज्य सरकार ने हादसे में जान गंवाने वाले 10 लोगों के परिजनों को ₹5-5 लाख और घायलों को ₹50-50 हजार की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने लिखा कि बलरामपुर के पास हुई बस दुर्घटना अत्यंत दुःखद और पीड़ादायक है। इस हादसे में जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। शोक की इस घड़ी में छत्तीसगढ़ शासन पीड़ित परिवारों के साथ पूरी मजबूती से खड़ा है।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि यह सहायता राशि प्रशासन द्वारा दी जा रही तत्काल राहत एवं बीमा सहित अन्य मदों से मिलने वाली राशि के अतिरिक्त होगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि घायलों के इलाज में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो और सभी को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
साथ ही, मुख्यमंत्री साय ने सड़क सुरक्षा को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश देते हुए कहा कि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए हरसंभव और प्रभावी उपाय सुनिश्चित किए जाएं।
Author: Deepak Mittal








